संतोंकी दया
उन महात्माओंमें कठोरता, वैर और द्वेषका तो नाम ही नहीं रहता! वे इतने दयालु होते हैं कि दुसरेके दुःखको देखकर उनका ह्रदय पिघल जाता है! वे दुसरेके हितको ही अपना हित समझते हैं! उन पुरुषोंमें विशुद्ध दया होती है ! जो दया कायरता, ममता, लज्जा, स्वार्थ और भय आदिके कारण कि जाती है, वह शुद्ध नहीं है ! जैसे भगवानकी अहैतुकि दया समस्त जीवोंपर है -- इसी प्रकार महापुरुषोंकी अहैतुकी दया सबपर होती है! उनकी कोई कितनी ही बुराई क्यों न करे, बदला लेनेकी इच्छा तो उनके ह्रदयमें होती ही नहीं ! कहीं बदला लेनेकी-सी क्रिया देखी जाती है, तो वह भी उसके दुर्गुणोंको हटाकर उसे विशुद्ध करनेके लिये ही होती है ! इस क्रियामें भी उनकी दया छिपी रहती है -- जैसे माता-पिता, गुरुजन बच्चेके सुधारके लिये स्नेहपूर्ण हृदयसे उसे दण्ड देते हैं --इसी प्रकार संतोंमें भी कभी-कभी ऐसी क्रिया होती है, परन्तु इसमें भी परम हित भरा रहता है! वे संत करूणाके भण्डार होते हैं ! जो कोई उनके समीप जाता है, वह मानो दयाके सागरमें गोते लगता है ! उन पुरुषोंके दर्शन, भाषण, स्पर्श और चिन्तनमें भी मनुष्य उनके दयाभावको देखकर मुग्ध हो जाता है! वे जिस मार्गसे निकलते हैं, मेघकी-ज्यों दयाकी वर्षा करते हुए ही निकलते हैं !मेघ सब समय और सब जगह नहीं बरसता, परन्तु संत तो सदा - सर्वदा सर्वत्र बरसते ही रहते हैं!
