※हमको तो 60 वर्षों के जीवनमें ये चार बातें सबके सार रूप में मिली हैं - 1. भगवान् के नामका जप 2. स्वरुपका ध्यान 3. सत्संग(सत्पुरुषोंका संग और सत्त्-शास्त्रोंका मनन) 4. सेवा ※ जो ईश्वर की शरण हो जाता है उसे जो कुछ हो उसीमें सदा प्रसन्न रहना चाहिये ※ क्रिया, कंठ, वाणी और हृदयमें 'गीता' धारण करनी चाहिये ※ परमात्मा की प्राप्तिके लिए सबसे बढ़िया औषधि है परमात्माके नामका जप और स्वरुपका ध्यान। जल्दी-से-जल्दी कल्याण करना हो तो एक क्षण भी परमात्माका जप-ध्यान नहीं छोड़ना चहिये। निरंतर जप-ध्यान होनेमें सहायक है -विश्वास। और विश्वास होनेके लिए सुगम उपाय है-सत्संग या ईश्वरसे रोकर प्रार्थना। वह सामर्थ्यवान है सब कुछ कर सकता है।

सोमवार, 22 अप्रैल 2013

सत्संग की कुछ सार बातें-८-



|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, एकादशी,  सोमवार, वि० स० २०७०

*   *   दया के सामान कोई धर्म नहीं, हिंसा के सामान कोई पाप नहीं, ब्रह्मचर्य के सामान कोई व्रत नहीं, ध्यान के सामान कोई साधन नहीं, शान्ति के सामान कोई सुख नहीं, ऋणके सामान कोई दुःख नहीं, ज्ञान के सामान कोई पवित्र नहीं, ईश्वर के सामान कोई इष्ट नहीं, पापी के सामान कोई दुष्ट नहीं — ये एक-एक अपने –अपने स्थान पर अपने-अपने विषयमें सबसे बढ़कर प्रधान हैं ।

  * कामी के साख नहीं, लोभी के नाक नहीं, क्रोधी के बाप नहीं, अज्ञानी के थाप नहीं,भक्तके शाप नहीं, नास्तिक के जाप नहीं, ग्यानी के माप नहीं, अर्थात इन लोगों पर इन पदार्थों का प्रभाव नहीं पड़ता ।

   *    गंगा के सामान कोई तीर्थ नहीं, गौ के सामान कोई सेव्य नहीं , गीता के सामान कोई शास्त्र नहीं, गायत्री के सामान कोई मंत्र नहीं एवं गोविन्द के सामान कोई देव नहीं ।

   * गंगा-स्नान, गौ की सेवा, अर्थसहित गीताका अभ्यास, गायत्री का जप और गोविन्द का ध्यान — इनमेंसे किसी एकका भी निष्कामभाव और श्रद्धा- भक्ति पूर्वक सेवन करने से कल्याण हो सकता है ।

   * जिसने सत्य,अहिंसा,क्षमा,दया,समता,शान्ति,संतोष,सरलता,तितिक्षा, त्याग आदि शस्त्र धारण कर रखें हैं , उसका कोई भी शत्रु किंचिन्मात्र भी अनिष्ट नहीं कर सकता I

        *  आचरणोंके सुधार की जड़ स्वार्थका त्याग है ।

   * झूठसे बचने के लिये जहाँ तक हो, भविष्यके निश्चित वचन नहीं कहने चाहिये ।

   * भगवान् की प्राप्ति के सिवा मन में किसी भी प्रकार की इच्छा नहीं रखनी चाहिये; क्योंकि कोई भी इच्छा रहेगी तो उसके लिये पुनर्जन्म धारण करना पड़ेगा । इसलिये इच्छा, वासना, कामना , तृष्णा आदि का त्याग कर देना चाहिये ।

   * बार बार मन से  पूछे कि “ बतला, तेरी क्या इच्छा है ?” और मनसे यह उत्तर मिले कि “कुछ भी इच्छा नहीं है ।“ इस प्रकार के अभ्यास से इच्छा का नाश होता है। यह निश्चित बात है ।

   * महात्मा के हृदय में किसी भी प्रकार की इच्छा रहती ही नहीं , हमें भी उसी प्रकार का बनना चाहिये ।

—श्रद्धेय जयदयाल जी गोयन्दका-सेठजी , सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तकसे, गीताप्रेस गोरखपुर
नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!! 

रविवार, 21 अप्रैल 2013

सत्संग की कुछ सार बातें- ७-


|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, दशमी,  रविवार, वि० स० २०७०


* ईश्वर ज्ञानके सामान कोई ज्ञान नहीं ।
 
* ईश्वर प्रभाव के सामान कोई प्रभाव नहीं ।
 
* ईश्वर दर्शन के सामान कोई दर्शन नहीं ।
 
* महापुरुषों के आचरण से बढ़कर कोई अनुकरणीय आचरण नहीं ।
 
* भगवद्भावसे बढ़कर कोई भाव नहीं ।
 
* समता से बढ़कर कोई न्याय नहीं ।
 
* सत्य के सामान कोई तप नहीं ।
 
* परमात्मा की प्राप्ति के सामन कोई लाभ नहीं ।
 
* सत्संग के सामान कोई मित्र नहीं ।
 
* कुसंग के सामान कोई शत्रु नहीं ।
 

—श्रद्धेय जयदयाल जी गोयन्दका-सेठजी , सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर
नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!

शनिवार, 20 अप्रैल 2013

गीतातत्त्वविवेचनी टीका- श्रीजयदयाल जी गोयन्दका


Tattva vivechani , Srimad Bhagavad Gita ,Gita Press , Jayadayal Goyandka [Hindi] by Gita Press,Gorakhpur Books

सत्संग की कुछ सार बातें -६-


|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, दशमी,  शनिवार, वि० स० २०७०


 * धन का प्राप्त होना यद्यपि अपने वश की बात नहीं है, तथापि मनुष्य को शरीरनिर्वाह के लिये कर्तव्यबुद्धिसे न्याययुक्त परिश्रम तो अवश्य करना चाहिये ।

 * सुख-दुःख आदि के प्राप्त होने पर उनको भगवान् का मंगल-विधान समझकर हर समय परम संतुष्ट रहना चाहिये । 
 
* उत्तम काम को शीघ्रातिशीघ्र करने की चेष्टा करें, क्योंकि शरीर का कोई भरोसा नहीं हैं ।

* जिसमे प्राणियों की हिंसा होती हो, ऐसी किसी चीज को व्यवहार में न लावें।
 
* रेशम और तूष काम में न लें ।

* हिंसायुक्त शहद, मृगचर्म और कस्तूरी काम में न लें ।
 
* जहाँ तक हो, मिलकी बनी चीजें खाने के काममें न ले ।
 
 * ईश्वर की सत्ता पर प्रत्यक्षसे भी बढ़कर विश्वास रखे; क्योंकि ईश्वर पर जितना प्रबल विश्वास होगा, साधक उतना ही पाप से बचेगा और उसका साधन तीव्र होगा ।
 
 * सदा-सर्वदा ईश्वर पर निर्भर रहना चाहिये । इससे धीरता, वीरता, गंभीरता, निर्भयता और आत्मबलकी वृद्धि होती है ।
 
 * विशुद्ध ईश्वर-प्रेम एक बहुत गोपनीय परम रहस्य की वस्तु है । उससे बढ़कर संसार में कोई उत्तम वस्तु नहीं ।
 
—श्रद्धेयजयदयाल गोयन्दका सेठजी, सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर

नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!

शुक्रवार, 19 अप्रैल 2013

श्रीरामनवमी विशेष - श्रीरामचरित मानस चौपाईयाँ



भगवान् श्री राम के अवतरण हेतु देवताओं की प्रार्थना :~
* जय जय सुरनायक जन सुखदायक प्रनतपाल भगवंता।
गो द्विज हितकारी जय असुरारी सिंधुसुता प्रिय कंता॥
पालन सुर धरनी अद्भुत करनी मरम न जानइ कोई।
जो सहज कृपाला दीनदयाला करउ अनुग्रह सोई॥1॥
भावार्थ:-हे देवताओं के स्वामी, सेवकों को सुख देने वाले, शरणागत की रक्षा करने वाले भगवान! आपकी जय हो! जय हो!! हे गो-ब्राह्मणों का हित करने वाले, असुरों का विनाश करने वाले, समुद्र की कन्या (श्री लक्ष्मीजी) के प्रिय स्वामी! आपकी जय हो! हे देवता और पृथ्वी का पालन करने वाले! आपकी लीला अद्भुत है, उसका भेद कोई नहीं जानता। ऐसे जो स्वभाव से ही कृपालु और दीनदयालु हैं, वे ही हम पर कृपा करें॥1॥
* जय जय अबिनासी सब घट बासी ब्यापक परमानंदा।
अबिगत गोतीतं चरित पुनीतं मायारहित मुकुंदा॥
जेहि लागि बिरागी अति अनुरागी बिगत मोह मुनिबृंदा।
निसि बासर ध्यावहिं गुन गन गावहिं जयति सच्चिदानंदा॥2॥
भावार्थ:-हे अविनाशी, सबके हृदय में निवास करने वाले (अन्तर्यामी), सर्वव्यापक, परम आनंदस्वरूप, अज्ञेय, इन्द्रियों से परे, पवित्र चरित्र, माया से रहित मुकुंद (मोक्षदाता)! आपकी जय हो! जय हो!! (इस लोक और परलोक के सब भोगों से) विरक्त तथा मोह से सर्वथा छूटे हुए (ज्ञानी) मुनिवृन्द भी अत्यन्त अनुरागी (प्रेमी) बनकर जिनका रात-दिन ध्यान करते हैं और जिनके गुणों के समूह का गान करते हैं, उन सच्चिदानंद की जय हो॥2॥
* जेहिं सृष्टि उपाई त्रिबिध बनाई संग सहाय न दूजा।
सो करउ अघारी चिंत हमारी जानिअ भगति न पूजा॥
जो भव भय भंजन मुनि मन रंजन गंजन बिपति बरूथा।
मन बच क्रम बानी छाड़ि सयानी सरन सकल सुरजूथा॥3॥
भावार्थ:-जिन्होंने बिना किसी दूसरे संगी अथवा सहायक के अकेले ही (या स्वयं अपने को त्रिगुणरूप- ब्रह्मा, विष्णु, शिवरूप- बनाकर अथवा बिना किसी उपादान-कारण के अर्थात्‌ स्वयं ही सृष्टि का अभिन्ननिमित्तोपादान कारण बनकर) तीन प्रकार की सृष्टि उत्पन्न की, वे पापों का नाश करने वाले भगवान हमारी सुधि लें। हम न भक्ति जानते हैं, न पूजा, जो संसार के (जन्म-मृत्यु के) भय का नाश करने वाले, मुनियों के मन को आनंद देने वाले और विपत्तियों के समूह को नष्ट करने वाले हैं। हम सब देवताओं के समूह, मन, वचन और कर्म से चतुराई करने की बान छोड़कर उन (भगवान) की शरण (आए) हैं॥3॥
* सारद श्रुति सेषा रिषय असेषा जा कहुँ कोउ नहिं जाना।
जेहि दीन पिआरे बेद पुकारे द्रवउ सो श्रीभगवाना॥
भव बारिधि मंदर सब बिधि सुंदर गुनमंदिर सुखपुंजा।
मुनि सिद्ध सकल सुर परम भयातुर नमत नाथ पद कंजा॥4॥
भावार्थ:-सरस्वती, वेद, शेषजी और सम्पूर्ण ऋषि कोई भी जिनको नहीं जानते, जिन्हें दीन प्रिय हैं, ऐसा वेद पुकारकर कहते हैं, वे ही श्री भगवान हम पर दया करें। हे संसार रूपी समुद्र के (मथने के) लिए मंदराचल रूप, सब प्रकार से सुंदर, गुणों के धाम और सुखों की राशि नाथ! आपके चरण कमलों में मुनि, सिद्ध और सारे देवता भय से अत्यन्त व्याकुल होकर नमस्कार करते हैं॥4॥
भगवान्‌ का वरदान
दोहा :
* जानि सभय सुर भूमि सुनि बचन समेत सनेह।
गगनगिरा गंभीर भइ हरनि सोक संदेह॥186॥
भावार्थ:-देवताओं और पृथ्वी को भयभीत जानकर और उनके स्नेहयुक्त वचन सुनकर शोक और संदेह को हरने वाली गंभीर आकाशवाणी हुई॥186॥
चौपाई :
* जनि डरपहु मुनि सिद्ध सुरेसा। तुम्हहि लागि धरिहउँ नर बेसा॥
अंसन्ह सहित मनुज अवतारा। लेहउँ दिनकर बंस उदारा॥1॥
भावार्थ:-हे मुनि, सिद्ध और देवताओं के स्वामियों! डरो मत। तुम्हारे लिए मैं मनुष्य का रूप धारण करूँगा और उदार (पवित्र) सूर्यवंश में अंशों सहित मनुष्य का अवतार लूँगा॥1॥
* कस्यप अदिति महातप कीन्हा। तिन्ह कहुँ मैं पूरब बर दीन्हा॥
ते दसरथ कौसल्या रूपा। कोसलपुरीं प्रगट नर भूपा॥2॥
भावार्थ:-कश्यप और अदिति ने बड़ा भारी तप किया था। मैं पहले ही उनको वर दे चुका हूँ। वे ही दशरथ और कौसल्या के रूप में मनुष्यों के राजा होकर श्री अयोध्यापुरी में प्रकट हुए हैं॥2॥
* तिन्ह कें गृह अवतरिहउँ जाई। रघुकुल तिलक सो चारिउ भाई॥
नारद बचन सत्य सब करिहउँ। परम सक्ति समेत अवतरिहउँ॥3॥
भावार्थ:-उन्हीं के घर जाकर मैं रघुकुल में श्रेष्ठ चार भाइयों के रूप में अवतार लूँगा। नारद के सब वचन मैं सत्य करूँगा और अपनी पराशक्ति के सहित अवतार लूँगा॥3॥
* हरिहउँ सकल भूमि गरुआई। निर्भय होहु देव समुदाई॥
गगन ब्रह्मबानी सुनि काना। तुरत फिरे सुर हृदय जुड़ाना॥4॥
भावार्थ:-मैं पृथ्वी का सब भार हर लूँगा। हे देववृंद! तुम निर्भय हो जाओ। आकाश में ब्रह्म (भगवान) की वाणी को कान से सुनकर देवता तुरंत लौट गए। उनका हृदय शीतल हो गया॥4॥
भगवान् श्री राम का अवतरण  :~
* भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी।
हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी॥
लोचन अभिरामा तनु घनस्यामा निज आयुध भुजचारी।
भूषन बनमाला नयन बिसाला सोभासिंधु खरारी॥1॥
भावार्थ:-दीनों पर दया करने वाले, कौसल्याजी के हितकारी कृपालु प्रभु प्रकट हुए। मुनियों के मन को हरने वाले उनके अद्भुत रूप का विचार करके माता हर्ष से भर गई। नेत्रों को आनंद देने वाला मेघ के समान श्याम शरीर था, चारों भुजाओं में अपने (खास) आयुध (धारण किए हुए) थे, (दिव्य) आभूषण और वनमाला पहने थे, बड़े-बड़े नेत्र थे। इस प्रकार शोभा के समुद्र तथा खर राक्षस को मारने वाले भगवान प्रकट हुए॥1॥
* कह दुइ कर जोरी अस्तुति तोरी केहि बिधि करौं अनंता।
माया गुन ग्यानातीत अमाना बेद पुरान भनंता॥
करुना सुख सागर सब गुन आगर जेहि गावहिं श्रुति संता।
सो मम हित लागी जन अनुरागी भयउ प्रगट श्रीकंता॥2॥
भावार्थ:-दोनों हाथ जोड़कर माता कहने लगी- हे अनंत! मैं किस प्रकार तुम्हारी स्तुति करूँ। वेद और पुराण तुम को माया, गुण और ज्ञान से परे और परिमाण रहित बतलाते हैं। श्रुतियाँ और संतजन दया और सुख का समुद्र, सब गुणों का धाम कहकर जिनका गान करते हैं, वही भक्तों पर प्रेम करने वाले लक्ष्मीपति भगवान मेरे कल्याण के लिए प्रकट हुए हैं॥2॥
* ब्रह्मांड निकाया निर्मित माया रोम रोम प्रति बेद कहै।
मम उर सो बासी यह उपहासी सुनत धीर मति थिर न रहै॥
उपजा जब ग्याना प्रभु मुसुकाना चरित बहुत बिधि कीन्ह चहै।
कहि कथा सुहाई मातु बुझाई जेहि प्रकार सुत प्रेम लहै॥3॥
भावार्थ:-वेद कहते हैं कि तुम्हारे प्रत्येक रोम में माया के रचे हुए अनेकों ब्रह्माण्डों के समूह (भरे) हैं। वे तुम मेरे गर्भ में रहे- इस हँसी की बात के सुनने पर धीर (विवेकी) पुरुषों की बुद्धि भी स्थिर नहीं रहती (विचलित हो जाती है)। जब माता को ज्ञान उत्पन्न हुआ, तब प्रभु मुस्कुराए। वे बहुत प्रकार के चरित्र करना चाहते हैं। अतः उन्होंने (पूर्व जन्म की) सुंदर कथा कहकर माता को समझाया, जिससे उन्हें पुत्र का (वात्सल्य) प्रेम प्राप्त हो (भगवान के प्रति पुत्र भाव हो जाए)॥3॥
* माता पुनि बोली सो मति डोली तजहु तात यह रूपा।
कीजै सिसुलीला अति प्रियसीला यह सुख परम अनूपा॥
सुनि बचन सुजाना रोदन ठाना होइ बालक सुरभूपा।
यह चरित जे गावहिं हरिपद पावहिं ते न परहिं भवकूपा॥4॥
भावार्थ:-माता की वह बुद्धि बदल गई, तब वह फिर बोली- हे तात! यह रूप छोड़कर अत्यन्त प्रिय बाललीला करो, (मेरे लिए) यह सुख परम अनुपम होगा। (माता का) यह वचन सुनकर देवताओं के स्वामी सुजान भगवान ने बालक (रूप) होकर रोना शुरू कर दिया। (तुलसीदासजी कहते हैं-) जो इस चरित्र का गान करते हैं, वे श्री हरि का पद पाते हैं और (फिर) संसार रूपी कूप में नहीं गिरते॥4॥
दोहा :
* बिप्र धेनु सुर संत हित लीन्ह मनुज अवतार।
निज इच्छा निर्मित तनु माया गुन गो पार॥192॥
 (रामचरित मानस बाल काण्ड )

सत्संग की कुछ सार बातें -५-


|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, नवमी,  शुक्रवार, वि० स० २०७०



 * तुलसीदल के सिवा चलते फिरते या खड़े हुए कोई भी चीज कभी न खाय ।
 * भोजन के आदि और अंत में आचमन करे ।
 * एकान्त में दो आदमी बात करते हों तो उनकी सम्मतिके बिना उनके समीप न जाय ।
 * जीव हिंसा को बचाता हुआ चले ।
 * घी,दूध,शहद, तेल, जल आदि तरल पदार्थ छानकर काम में ले ।
 * कर्तव्यका पालन न होने पर तथा अपने से बुरा काम बन जाने पर पश्चाताप करे, जिससे फिर कभी वैसा ना हो ।
 * कर्तव्यकर्म को झंझट मान लेने पर वह भार रूप हो जाता है, विशेष लाभदायक नहीं होता ।
 * वही कर्म भगवान् को याद रखते हुए प्रसन्नतापूर्वक मुग्ध होकर किया जाय तो बहुत ऊँचे दर्जे का साधन बन जाता है ।
* अकर्मण्यता(कर्तव्यसे जी चुराना) महान हानिकारक है। पाप का प्रायश्चित है, किन्तु इसका नहीं । अकर्मण्यता का त्याग ही इसका प्रायश्चित है ।

* कर्तव्य पालन रूप परम पुरुषार्थ ही मुक्ति का मुख्य साधन है ।


—श्रद्धेयजयदयाल गोयन्दका सेठजी, सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर

नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!

गुरुवार, 18 अप्रैल 2013

सत्संग की कुछ सार बातें - ४-


|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, अष्टमी,  गुरूवार, वि० स० २०७०



 * दहेज़ और दान देना चाहिये; जहाँ तक हो, लेने से बचना चाहिये ।
 
 * जहाँतक हो, पञ्च न बनना चाहिये । बने तो पक्षपात नहीं करना चाहिये ।
 
 * जहाँतक हो, सगाई – विवाह आदि समबन्ध करने के कामसे दूर रहना चाहिये ।
 
 * ब्रह्ममुहूर्त में उठाना चाहिये । यदि सोते सोते ही सूर्योदय हो जाय तो दिनभर उपवास और जप करना चाहिये ।

 * एकान्तके साधन को मूल्यवान बनाने के लिये संध्या, गायत्रीजप, ध्यान, पूजा, पाठ, स्तुति, प्रार्थना , नमस्कार आदि के अर्थ और भाव को समझते हुए ही निष्कामभावसे श्रद्धा-भक्तिपूर्वक नित्य करना चाहिये ।
 
 * भगवत्प्राप्ति पवित्र और एकान्त देश का सेवन, सत्संग और स्वाध्याय , परमात्माका ध्यान और उसके नाम का जप, निष्कामभाव, ज्ञान, वैराग्य और उपरति — इनके सामान कोई भी साधन नहीं है ।
 
 * द्विजातिमात्र को उचित है कि नित्य सूर्योदय और सूर्यास्त से पूर्व ही संध्योपासना और गायत्री जप करे ।
 
 * भगवान् के नाम-रूपको याद रखते हुए ही सामाजिक, व्यवहारिक, आर्थिक आदि काम नि:स्वार्थ भाव से करे ; क्योंकि अपनी सारी चेष्टा नि:स्वार्थभाव से दूसरे के हित के लिये करने से ही कल्याण होता है ।
 
 * स्नान और नित्यकर्म किये बिना दातुन और जलके सिवा कुछ भी मुख में न लें ।

 * श्रीभगवान के भोग लगाकर तथा यथाधिकार बलिवैश्वदेव करके ही भोजन करें ।


 
—श्रद्धेयजयदयाल गोयन्दका सेठजी, सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर

नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!

बुधवार, 17 अप्रैल 2013

सत्संग की कुछ सार बातें - ३-


|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, सप्तमी,  बुधवार, वि० स० २०७०
 
 
 
* अपने ऊपर भगवान् की अहैतुकी दया और प्रेम समझ- समझकर हर समय प्रसन्न रहना चाहिये ।
 
* सब प्राणियों पर हेतुरहित दया और प्रेम करना चाहिये ।
 
* एकांत में मन को सदा यही समझाना चाहिये कि परमात्मा के चिंतन के सिवा किसी का चिंतन न करो; क्योंकि व्यर्थ चिंतन से बहुत हानि है ।
 
* भगवान् के सामान अपना कोई हितैषी नहीं है, अत: अपने अधीन सब पदार्थों को और अपने को राजा बलि की भाँती भगवान् के समर्पण कर देना चाहिये ।
 
* भगवत्प्राप्ति के लिये मनुष्य मात्र को पात्र बनना चाहिये । पात्र बनने पर भगवान् स्वयं ही शीघ्र दर्शन दे सकते हैं ।
 
* सुननेवालों की इच्छा के बिना वक्ता को सत्संग के सहस्य की बातें नहीं सुनानी चाहिये ।
 
* जहाँ व्याख्यानदाता बहुत हों, वहां जहाँतक हो व्याख्यान न दें ।
 
* पूजा – प्रतिष्ठा, ऊँचे आसन और ऊँचे पदसे सदा ही दूर रहना चाहिये ।
 
* जहाँ तक जो, गुरु बनने की इच्छा कभी न करें ।
 
* किसी सम्बन्धी की मृत्यु-सूचना मिलने पर, जहाँ आवश्यकता हो, वहाँ जाना चाहिये; किन्तु अपने घरमे किसी के मरने पर, जहाँतक हो, दूरस्थ कुटुम्बियोंको आने के लिये सभ्यतापूर्वक निवारण कर देना चाहिये ।
 
—श्रद्धेयजयदयाल गोयन्दका सेठजी, सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर

नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!

मंगलवार, 16 अप्रैल 2013

सत्संग की कुछ सार बातें- २


                 
|| श्रीहरिः ||
आज की शुभतिथि-पंचांग
चैत्र शुक्ल, षष्टी,  मंगलवार, वि० स० २०७०

*   अपने निकट सम्बन्धीका दोष सहसा नहीं कहना चहिये, कहने से उसको दुःख हो सकता है; जिससे उसका सुधार सम्भव नहीं ।
 
* यदि कहीं किन्हींसे काम लेना हो तो उनको अपने पास न बुलाकर उन्ही के पास जाना चाहिये ।
 
*  सादगी से रहना चाहिये ।
 
*  स्वावलम्बी बनना चाहिये ।
 
*  जीवन को अधिक खर्चीला नहीं बनाना चाहिये । ऋषि-मुनियों का जीवन खर्चीला नहीं था । अधिक खर्चीला जीवन मनुष्य को रुपयों और दूसरे पुरुषों का दास बना देता है, जिसके कारण अनेक पाप करने पड़ते हैं और दर-दर भटकना पड़ता है ।
 
* शरीर निर्वाह के लिए भी अनासक्तभावसे ही पदार्थों का उपयोग करना चहिये ।
 
* भोजन के समय स्वाद की और ध्यान नहीं देना चाहिये;क्योंकि यह पतन का हेतु है । स्वास्थ्य की ओर लक्ष्य रखना भी वैराग्य में कमी ही है ।
 
*  कल्याणकामी पुरुष को तो वैराग्ययुक्त चित्त से केवल शरीर निर्वाहके लिए ही भोजन करना चाहिये । 
 
*  व्यवहार के समय भजन –ध्यान में मुख्य वृत्ति और संसारी कामों में गौण  वृत्ति रखनी चहिये ।
 
* सोते समय भी भगवान् के नाम, रूपका स्मरण विशेषतासे करना चाहिए, जिससे शयन का समय व्यर्थ न जाय । शयनके समय को साधन बनाने के लिए सांसारिक संकल्पोंके प्रवाहको भुलाकर भगवान् के नाम,रूप,गुण,प्रभाव, चरित्रका चिंतन करते हुए ही सोना चाहिए ।
—श्रद्धेयजयदयाल गोयन्दका सेठजी, सत्संग की कुछ सार बातें पुस्तक से, गीताप्रेस गोरखपुर


नारायण ! नारायण !! नारायण !!! नारायण !!! नारायण !!!